कैसा रहेगा साल 2024 आपके लिए
आपका व्यक्तित्व
सिंह राशि में उत्पन्न व्यक्ति औसत कद एवं सुगठित देह वाले होते हैं। वे लालिमायुक्त वर्ण के होते हैं। उनका चेहरा सामान्यतः अण्डाकार होता है। मस्तक आनुपातिक होता है। आँखें गोल, सुन्दर एवं भावप्रधान होती हैं। चेहरा चिन्तनशील होता है। चौड़ा वक्ष एवं मजबूत कंधे होते हैं। हाथ एवं पैर की लम्बाई आनुपातिक होती है। शरीर का ऊपरी भाग अपेक्षाकृत अधिक सुगठित होता है। कुल-मिलाकर इस राशि में उत्पन्न व्यक्ति देखने में आकर्षक व्यक्तित्व वाला होता है। सिंह राशि में उत्पन्न व्यक्ति उत्साही, साहसी एवं महत्त्वाकांक्षी एवं सहृदयी होता है। उसमें नेतृत्व करने के नैसर्गिक गुण पाए जाते हैं। ऐसा व्यक्ति अच्छा नेता सिद्ध होता है, परन्तु वह अच्छा अधीनस्थ नहीं होता। उसके उच्चाधिकारी प्रायः उसके बारे में विपरीत विचारधारा रखते हैं। वह सामान्यतः तर्कशील एवं वैज्ञानिक विचारधारा का व्यक्ति होता है। वह तार्किक बातों को स्वीकार करने वाला होता है। अपनी बातों को लागू करवाने में वह प्रायः हठधर्मिता का प्रदर्शन भी करता है। सिंह राशि का व्यक्ति सामान्यतः स्पष्टवादी एवं ईमानदार होता है। उसका स्वभाव प्रायः हँसमुख होता है। वे सामान्यतः सहनशील होते हैं और प्रायः क्रोध एवं आवेश में नहीं आते, परन्तु जब वे क्रोध एवं आवेश में आते हैं, तो वे शीघ्र ही चरम पर पहुँच जाते हैं। उनका क्रोध कुछ समय के उपरान्त शान्त हो जाता है। उनमें सामान्यतः ईर्ष्या का अभाव होता है। ऐसे व्यक्ति प्रायः निष्कपट, उदार, धैर्यवान्, गम्भीर एवं चिन्तनशील भी होते हैं। सिंह राशि का व्यक्ति बिना योजना के ही कार्य करना आरम्भ कर देता है। यद्यपि वे आत्मविश्वासी होते हैं, परन्तु उनका आत्मविश्वास कुछ हद तक दुस्साहस में परिवर्तित हो जाता है। विपरीत परिस्थितियों में भी वे दृढ़तापूर्वक कार्य करते हैं। उनकी महत्त्वाकांक्षाएँ अधिक होने के कारण प्रायः वे असंतुष्ट होते हैं, परन्तु वे अपनी आकांक्षाओं की प्राप्ति के लिए सतत् प्रयत्नशील होते हैं। ऐसे व्यक्ति सामान्यतः स्वयं को जीवन के अन्तिम दौर में असफल मानते हैैं, क्योंकि उनकी महत्त्वाकांक्षाएँ उनके सतत् प्रयत्नों के बावजूद पूर्ण नहीं हो पाती हैं। सिंह राशि का व्यक्ति संगीत, साहित्य एवं दर्शनशास्त्र में अभिरुचि रखता है। वह आनन्दप्रिय होता है। उसके आचार-विचार से बड़प्पन परिलक्षित होता है। वह अच्छा एवं स्थायी मित्र सिद्ध होता है।कैसा रहेगा 2024 आपके लिए
सिंह राशि वालों के लिए यह वर्ष विगत वर्ष की भाँति व्यतीत होना चाहिए। शनि का गोचर जन्मराशि से सप्तम भाव में रहेगा, जो कि दाम्पत्य एवं पारिवारिक सुख की दृष्टि से बहुत अच्छा नहीं है। यह अवश्य है कि वर्षपर्यन्त गुरु का गोचर सामान्यत: अनुकूल फलप्रद रहेगा। अप्रैल, 2024 तक गुरु का नवम भाव में गोचर शनि के अशुभ गोचर फल में कमी करने के साथ–साथ कॅरिअर में शुभ फलदायक तथा पारिवारिक सुख में वृद्धिकारक है। तत्पश्चात् गुरु जन्मराशि से दशम भाव में गोचररत रहेगा। वृषभ राशि का यह गोचर भी शिक्षा, कॅरिअर आदि से सम्बन्धित मामलों में अनुकूल फलदायक है। जहाँ तक राहु–केतु का प्रश्न है, तो जन्मराशि से अष्टम भाव–द्वितीय भाव में गोचर शुभ नहीं कहा जा सकता, जिसके चलते स्वास्थ्य सम्बन्धी परेशानियों के साथ–साथ रिश्तों एवं वित्तीय मामलों में विपरीत परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।वर्ष 2024 और आपका स्वास्थ्य एवं स्वभाव :
स्वास्थ्य की दृष्टि से यह वर्ष विगत वर्ष की भाँति व्यतीत होना चाहिए। राहु का अष्टम भाव में गोचर आकस्मिक समस्याएँ दे सकता है। वाहनादि चलाते समय सावधानी रखने की आवश्यकता है। रोगादि में विशेषज्ञ चिकित्सक को ही दिखाना चाहिए और सैकण्ड ओपिनियन भी लेनी चाहिए। इस वर्ष वायरसजनित रोग, न्यूरोलॉजी से सम्बन्धित रोग, दवाओं के इतर प्रभाव तथा ऐसे रोग जिनके मूल कारण को पहचानने में कठिनाई हो इत्यादि के प्रति आप संवेदनशील रहेंगे।वर्ष 2024 और आपकी वित्तीय स्थिति :
वित्तीय दृष्टि से यह वर्ष विगत वर्ष की भाँति रहना चाहिए, परन्तु इस वर्ष आय में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। खर्चों में वृद्धि की भी आशंका है। आकस्मिक खर्चे के चलते आपका मासिक–वार्षिक बजट भी प्रभावित हो सकता है। विदेश अथवा वैदेशिक संस्थान से लाभ के योग बन रहे हैं। इस वर्ष निवेश के सम्बन्ध में सावधानी रखनी चाहिए। जोखिमपूर्ण धन निवेश से बचना चाहिए।वर्ष 2024 और आपका कॅरिअर :
प्रोफेशन एवं कॅरिअर की दृष्टि से यह वर्ष विगत वर्ष की भाँति व्यतीत होना चाहिए। यह अवश्य है कि कार्यस्थल पर समन्वय एवं सामंजस्य की समस्याएँ रह सकती हैं। नौकरी में ट्रांसफर अथवा बदलाव की सम्भावना बन रही है। व्यवसाय में स्टाफ को लेकर कुछ परेशानी का अनुभव हाे सकता है। इसके अतिरिक्त अनावश्यक विवाद एवं परेशानियाँ रह सकती हैं।वर्ष 2024 में आपका प्रेम सम्बन्ध एवं परिवार :
प्यार एवं रिलेशनशिप की दृष्टि से यह वर्ष आपके लिए शुभ समाचार लेकर आया है। किसी के साथ निकटता का अनुभव करेंगे और उसके स्वयं ही रिलेशनशिप में बदलने की सम्भावना रहेगी। यदि आप पहले से रिलेशन में हैं, तो उसके विवाह में बदलने के भी योग बन रहे हैं। जो युवक-युवती विवाह के लिए प्रतीक्षारत हैं, अप्रैल, 2024 तक उनके विवाह के योग बन रहे हैं। इसके अतिरिक्त जो दम्पती सन्तान की अभिलाषा रखते हैं, उन्हें भी इस वर्ष शुभ समाचारों की प्राप्ति सम्भव है। पारिवारिक सुख की दृष्टि से यह वर्ष अनुकूल फलदायक है। इस वर्ष घर में मांगलिक कार्यक्रम सम्पन्न होंगे। परिजनों से रिश्ते मधुर होंगे और महत्त्वपूर्ण कार्य सम्पन्न होंगे।वर्ष 2024 में आपकी शिक्षा :
शिक्षा एवं प्रतियोगिता परीक्षा की दृष्टि से यह वर्ष सामान्यत: अच्छा प्रतीत होना चाहिए। मई, 2024 तक परिश्रम के अनुरूप परिणाम मिलेंगे। कक्षा, परीक्षा एवं प्रतियोगिता–प्रवेश परीक्षाओं में आपका प्रदर्शन बेहतर रहेगा। इस वर्ष अपेक्षित कोर्स–कॉलेज में एडमिशन के योग बन रहे हैं, तो वहीं बेरोजगारों को भी शुभ समाचारों की प्राप्ति हो सकती है। यदि आप विदेश अथवा किसी वैदेशिक संस्थान से लाभ की उम्मीद में हैं, तो आपकी मनोकामना पूर्ण हो सकती है।वर्ष 2024 में ये करें उपाय :
इस वर्ष की गोचरीय स्थिति के अनुसार आपके लिए निम्न उपाय करना राहतकारी सिद्ध होगा :
1. सिंह राशि का रत्नशक्ति लॉकेट धारण करना चाहिए।
2. प्रातःकाल भगवान् सूर्य को अर्घ्य देना चाहिए।
3. सातमुखी–आठमुखी रुद्राक्ष धारण करें।
4. ॐ रां राहवे नमः एवं ॐ शं शनैश्चराय नमः का जप करें।